Jharkhand: कार से ऑनलाइन जुआ खेलते तीन युवक गिरफ्तार, 1.18 लाख रुपये नकद और मोबाइल जब्त

जमशेदपुर: अपराध नियंत्रण और जुआ एवं लॉटरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एमजीएम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिमुलडांगा में एनएच-73 के किनारे खड़ी एक अर्टिगा कार से ऑनलाइन जुआ संचालित करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,18,490 रुपये नकद, दो आईफोन समेत चार मोबाइल फोन, एक कार, सोने-चांदी के आभूषण और जुए के हिसाब-किताब की एक कॉपी बरामद की है।
गश्ती के दौरान पुलिस ने पकड़े तीनों आरोपी
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल के अनुसार, एमजीएम थाना पुलिस की गश्ती के दौरान सिमुलडांगा में एनएच-73 के किनारे सुनसान जगह पर खड़ी अर्टिगा कार में तीन युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए। पुलिस ने जांच की तो तीनों मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन लिंक पर जुआ खेलते और उसका स्कोर कॉपी में दर्ज करते मिले।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने आईडी और पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेलने तथा संगठित गिरोह बनाकर इससे अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1.18 लाख रुपये बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुल 1,18,490 रुपये नकद बरामद किए हैं।बरामद नकदी में विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता के पास से 10,000 रुपये मिले हैं।
दो आईफोन समेत चार मोबाइल और आभूषण जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक आईफोन-13, एक आईफोन-17 प्रो मैक्स और दो अन्य मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा एक अर्टिगा कार, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट और जुए के लेन-देन का हिसाब लिखी एक कॉपी भी बरामद की गई है।
मोबाइल और यूपीआई ट्रांजेक्शन से मिले अहम साक्ष्य
पुलिस की जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने तथा खिलाने वाले गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा बैंक और यूपीआई ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट से भी वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली है।पुलिस अब बरामद डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और कथित सरगना तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



