Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: एक्सएलआरआई छात्रावास में अंतिम वर्ष के छात्र की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई के छात्रावास में अंतिम वर्ष के 23 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ओम पोद्दार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था और एक्सएलआरआई में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिसर में शोक का माहौल है।

हॉस्टल के कमरे में अचेत मिला छात्र

जानकारी के अनुसार, ओम पोद्दार अपने हॉस्टल के कमरे में पलंग पर अचेत अवस्था में मिला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसके साथियों और हॉस्टल प्रबंधन ने उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार को दोस्तों के साथ गया था गणेश पूजा मेला

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ओम गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ गणेश पूजा मेला घूमने गया था। मेला से लौटने के बाद उसने भोजन किया और अपने कमरे में आराम करने चला गया।शुक्रवार उसे कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की निगरानी में कराया गया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।पुलिस छात्रावास के कमरे, घटनास्थल और छात्र की गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही मौत से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ओम पोद्दार की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, छात्र की मौत की खबर के बाद एक्सएलआरआई परिसर में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button