Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: आम्रपाली कोल परियोजना में ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहुल दुबे ने ली जिम्मेदारी

चतरा: जिले के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली कोल परियोजना में अपराधियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। होन्हे गांव में पीओ कार्यालय के समीप संचालित एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि घटनास्थल के पास ही सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती रहती है।इस गोलीबारी की जिम्मेदारी गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ली है। हालांकि, इस वायरल विज्ञप्ति में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

20 से 22 राउंड फायरिंग का दावा

सोशल मीडिया पर जारी वायरल प्रेस विज्ञप्ति में राहुल दुबे ने दावा किया है कि बुधवार की रात एवीएस कंपनी के कार्यालय में 20 से 22 राउंड गोलियां चलवाई गईं। विज्ञप्ति में हमले की वजह फोन कॉल को नजरअंदाज करना बताया गया है।

अर्श कुमार और आदित्य को दी धमकी

वायरल विज्ञप्ति में अर्श कुमार और आदित्य को सीधे तौर पर धमकी देते हुए कंपनी का काम बंद रखने की चेतावनी दी गई है। साथ ही संपर्क कर मामला मैनेज करने की बात कही गई है। इसके अलावा राहुल दुबे ने झारखंड में कोयला, बालू और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों को भी रंगदारी देने की धमकी दी है।

बाइक सवार तीन अपराधियों ने की फायरिंग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी कंपनी के कार्यालय पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। घटनास्थल के पास सीआईएसएफ जवानों की तैनाती होने के बावजूद इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसपी के निर्देश पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर टंडवा थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अब देखना होगा कि आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र में दहशत फैलाने और रंगदारी की धमकी देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button