Jharkhand: जगन्नाथपुर में खेत से मिला भालू का शव, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग को दी गई सूचना

जगन्नाथपुर: जैतगढ़-हाटगम्हरिया मुख्य मार्ग पर जैतगढ़ हाई स्कूल और छनपदा गांव के बीच स्थित एक खेत में गुरुवार को भालू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में मृत भालू को देखकर ग्रामीणों में दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया। घटना की सूचना जगन्नाथपुर थाना और वन विभाग को दे दी गई है।
धान की कटाई के लिए खेत जा रहे ग्रामीणों ने देखा शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुछ ग्रामीण धान की कटाई के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े भालू के शव पर पड़ी। इसके बाद भालू की मौत की खबर आसपास के गांवों में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
मौत के कारणों का नहीं चला पता
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना और वन विभाग को दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे।फिलहाल भालू की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



