Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: छाताबाद भू-धसान मामले पर सियासी जंग तेज, ढुलू महतो के बयान के विरोध में कांग्रेस ने फूंका पुतला

धनबाद/कतरास: छाताबाद में हुए भू-धसान मामले को लेकर एक ओर प्रभावित परिवारों का आशियाना बचाओ आंदोलन जारी है, वहीं दूसरी ओर इस मुद्दे को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी क्रम में धनबाद सांसद ढुलू महतो के कथित बयान के विरोध में कतरास कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।

आशियाना बचाओ आंदोलन के समर्थन में जुटे थे कांग्रेस के बड़े नेता

छाताबाद भू-धसान से प्रभावित लोगों द्वारा लगातार धरना दिया जा रहा है। 16 अगस्त को आंदोलन के समर्थन में धरना स्थल पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे थे।इस दौरान मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के. राजू, बेरमो विधायक अनूप सिंह सहित कई कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन के मंच से धनबाद सांसद ढुलू महतो पर निशाना साधा था।

ढुलू महतो के बयान पर कांग्रेस में आक्रोश

कांग्रेस नेताओं के बयान के बाद ढुलू महतो की ओर से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए प्रतिक्रिया सामने आई। कांग्रेस का आरोप है कि सांसद ने धरना मंच पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें ‘चोर’ कहा।इसी बयान को लेकर कतरास कांग्रेस कमेटी ने नाराजगी जाहिर की और सांसद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

कतरास थाना चौक पर ढुलू महतो का पुतला दहन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कतरास थाना चौक पर प्रदर्शन करते हुए ढुलू महतो का पुतला फूंका। कार्यक्रम का नेतृत्व कतरास नगर कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अवध नारायण प्रसाद ने किया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक प्रकाश लाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने की माफी की मांग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ढुलू महतो को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सांसद ने अपने कथित बयान को लेकर माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस कार्यकर्ता चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

भू-धसान प्रभावितों का आंदोलन जारी

छाताबाद भू-धसान के प्रभावित लोग अपने घर और आशियाने को बचाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के बीच राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के कारण यह मामला अब राजनीतिक रूप से भी गरमाता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button