
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं।
पंचूर गांव में हुआ निधन, प्रशासन परिवार के संपर्क में
एसएसपी सर्वेश पंवार के अनुसार, सावित्री देवी का निधन पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ। उनके अंतिम संस्कार के लिए शनिवार को हरिद्वार ले जाए जाने की संभावना है। पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं और आवश्यक समन्वय कर रहे हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे हृदयविदारक और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।सीएम धामी ने लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”



