BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: एसीबी ने रिम्स जमीन घोटाला मामले में तत्कालीन सीओ शैलेश कुमार के गिरिडीह और रांची आवास पर की एक साथ छापेमारी

गिरिडीह: रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार बड़गाईं के तत्कालीन अंचल अधिकारी (सीओ) शैलेश कुमार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार की अहले सुबह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने उनके गिरिडीह और रांची स्थित आवास पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई।

आधा दर्जन गाड़ियों से गिरिडीह पहुंची एसीबी की टीम

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अहले सुबह करीब आधा दर्जन गाड़ियों से एसीबी की टीम गिरिडीह के शास्त्री नगर स्थित शैलेश कुमार के आवास पर पहुंची। टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान भी मौजूद थे। इसके बाद अधिकारियों ने घर के अंदर तलाशी अभियान शुरू किया। वहीं, रांची स्थित उनके आवास पर भी एसीबी की दूसरी टीम जांच कर रही है।

रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है मामला

गौरतलब है कि शैलेश कुमार रांची के बड़गाईं अंचल में तत्कालीन अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। उन्हें रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले के मामले में एसीबी ने गिरफ्तार किया था।आरोप है कि जमीन दलालों, बिल्डरों और अधिकारियों के गठजोड़ ने रिम्स की करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट का निर्माण कराया था। इस मामले में एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत जांच कर रही है।

पहले भी हो चुकी है आवास पर छापेमारी

बताया जाता है कि शैलेश कुमार के परिवार का आवास गिरिडीह में है। इससे पहले भी एसीबी उनके गिरिडीह स्थित आवास पर छापेमारी कर चुकी है। मौजूदा कार्रवाई के दौरान जांच टीम घर के दस्तावेज, बैंक खातों, जमीन से जुड़े कागजात और अन्य संपत्तियों की पड़ताल कर रही है।फिलहाल गिरिडीह और रांची दोनों स्थानों पर एसीबी की छापेमारी जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जांच एजेंसी को कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य अहम सामग्री मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button