Jharkhand: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों का हंगामा, विजयश्री ऑटो कॉम कंपनी के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन जाम

गम्हरिया: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित विजयश्री ऑटो कॉम कंपनी प्रबंधन की कथित वादाखिलाफी के खिलाफ मजदूरों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में मजदूरों ने सोमवार सुबह से कंपनी के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण कंपनी में उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है।
27 अगस्त के लिखित समझौते को लागू नहीं करने का आरोप
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे झामुमो के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने बताया कि मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर विगत 27 अगस्त को कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी। श्रम विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस लिखित वार्ता में प्रबंधन ने मजदूरों की अधिकांश मांगों पर सहमति जताई थी। हालांकि, दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समझौते को लागू नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि प्रबंधन की टालमटोल की नीति से नाराज होकर मजदूर अनिश्चितकालीन गेट जाम करने को बाध्य हुए हैं।
झामुमो नेताओं ने प्रबंधन को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर झामुमो के वरिष्ठ नेता गणेश महाली और कृष्णा बास्के भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन की स्थिति की जानकारी ली। गणेश महाली ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में प्रबंधन की तानाशाही और मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।वहीं, कृष्णा बास्के ने कहा कि उद्योगों को चलाने में मजदूरों की अहम भूमिका होती है। यदि उन्हें पेटभर रोटी और उनका वाजिब हक नहीं मिलेगा, तो वे काम कैसे करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि 27 अगस्त के लिखित समझौते को अविलंब लागू किया जाए, अन्यथा पार्टी और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रबंधन के रवैये पर जिला संगठन सचिव ने जताई नाराजगी
झामुमो के जिला संगठन सचिव अमृत महतो ने कहा कि कंपनी प्रबंधन का मजदूरों के प्रति रवैया हमेशा सौतेला रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी कंपनियों की मनमानी के कारण ही औद्योगिक क्षेत्र का माहौल अशांत होता है। श्रम विभाग के अधिकारियों के समक्ष किए गए लिखित वादे से मुकरना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर और झामुमो कार्यकर्ता शामिल
प्रदर्शन में आदित्यपुर नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, जिला सह सचिव जगदीश महतो, बुद्धिजीवी मंच के जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल, रमेश लाहा, राम महतो, राजेश गोप, बबलू प्रधान, सरोज मुखर्जी, प्यारे लाल प्रधान, धरमु गोप, गौरी टुडू, उदय मार्डी और अनिल सोरेन सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं कंपनी के मजदूर उपस्थित थे। मजदूरों ने 27 अगस्त के लिखित समझौते को लागू करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया है।



