Bihar INFACTNews

Bihar: बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से, 4 दिसंबर तक चलेगी सदन की कार्यवाही; दूसरे अनुपूरक बजट की तैयारी

पटना: बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र की तारीखों का ऐलान हो गया है। विधानसभा और विधान परिषद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 30 नवंबर से होगी। पांच दिनों तक चलने वाला यह सत्र 4 दिसंबर को समाप्त होगा। सम्राट सरकार सत्र के पहले दिन विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही राज्यपाल द्वारा स्वीकृत अध्यादेशों की प्रतियां भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी।सम्राट कैबिनेट ने शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित करने का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा था। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शनिवार को विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र के कार्यक्रम की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई।

बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का कार्यक्रम

जारी कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद की बैठक शुरू होगी। पहले दिन सरकार द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेगी।

30 नवंबर: सदन की बैठक, द्वितीय अनुपूरक बजट पेश होगा और राज्यपाल द्वारा स्वीकृत अध्यादेशों की प्रतियां रखी जाएंगी।

1 और 2 दिसंबर: राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्यों का निपटारा होगा।

3 दिसंबर: वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा और सहमति दी जाएगी। इसके बाद संबंधित विनियोग विधेयक सदन में पेश किया जाएगा।

4 दिसंबर: गैर सरकारी संकल्प के लिए दिन निर्धारित किया गया है।

विधानसभा सचिवालय के अनुसार, द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी में शामिल किसी मांग पर कटौती प्रस्ताव की सूचना देने की अंतिम तिथि 30 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं, गैर सरकारी संकल्प की सूचना देने की अंतिम तिथि 19 नवंबर रखी गई है।

विधान परिषद में भी पांच दिनों तक चलेगा सत्र

विधान परिषद के लिए भी अलग से कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 30 नवंबर को शपथ या प्रतिज्ञान ग्रहण कराया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल द्वारा स्वीकृत अध्यादेशों की प्रतियां और वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन के पटल पर रखी जाएगी।विधान परिषद में 1 दिसंबर को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य यानी गैर सरकारी संकल्प पेश किए जाएंगे। 2 और 3 दिसंबर को राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्यों का निपटारा होगा। वहीं, 4 दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर सामान्य वाद-विवाद होगा और इससे संबंधित विनियोग विधेयक पेश किया जाएगा।इस तरह बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र पांच दिनों तक चलेगा। सत्र के दौरान अनुपूरक बजट, विधायी कार्यों और गैर सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button