Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: ब्राउन शुगर पर आदित्यपुर पुलिस का शिकंजा, डेढ़ साल से फरार नाजिया समेत दो गिरफ्तार

आदित्यपुर: ब्राउन शुगर के कारोबार के खिलाफ आदित्यपुर पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नाजिया परवीन और विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

डेढ़ साल से फरार नाजिया परवीन गिरफ्तार

पहली गिरफ्तारी आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 के तहत की गई। वर्ष 2025 में ब्राउन शुगर के साथ कुछ लोगों की गिरफ्तारी के दौरान नाजिया परवीन का नाम कथित मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान वह ब्राउन शुगर फेंककर मौके से फरार हो गई थी।इसके बाद से वह करीब डेढ़ साल तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रही थी। हाल ही में उसके जीवनपुर, कोलाबिरा क्षेत्र में आने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद आदित्यपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

बिलासपुर में छिपा था विपुल कर्मकार

दूसरी गिरफ्तारी आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/2026 के तहत दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में हुई। इस मामले का प्राथमिकी अभियुक्त विपुल कर्मकार गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपकर रह रहा था।पुलिस को उसके आदित्यपुर लौटने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राममड़ैया बस्ती में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

लूट और छिनतई समेत कई मामलों में रहा है आरोपी

पुलिस के अनुसार, विपुल कर्मकार का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है। वह लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर से जुड़े मामलों में आदित्यपुर, कदमा और बिष्टुपुर थानों से जेल जा चुका है।पुलिस ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले ही उसका भाई सिपुल कर्मकार छिनतई के एक मामले में जेल गया है।

दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

आदित्यपुर पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button