Jharkhand: डुमरिया में जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, निर्माण और मरम्मत की उठी मांग

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत घोलावेड़ा पंचायत के हरेंद्र गांव के ग्रामीण नरसिंहवाल चौक से महियालटोला जय नकी तक जाने वाली जर्जर सड़क की स्थिति से परेशान हैं। सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से आवेदन सौंपकर संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही परेशानी
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की बेटी दुखनी सोरेन ने कहा कि सड़क की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब है। जगह-जगह सड़क जर्जर होने के कारण पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया वाहनों से आवागमन करने में भी काफी दिक्कत होती है। सड़क की बदहाल स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी जाने वाले लोगों, मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।सड़क खराब होने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, राशन लाने और बाजार जाने सहित रोजमर्रा के कामों में ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पहले भी की जा चुकी है सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के निर्माण और मरम्मत को लेकर पहले भी संबंधित विभाग, पूर्व मंत्री और जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग रखी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थल निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क की वास्तविक स्थिति का स्थल निरीक्षण कराने तथा जल्द से जल्द निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से गांव के लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिलेगी।



