Jharkhand: जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, अपराध नियंत्रण और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शहर में कानून-व्यवस्था में सुधार, अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने हाल के दिनों में शहर में हुई आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए केनरा बैंक डकैती, बिंदल मॉल के समीप हुई फायरिंग सहित अन्य गंभीर मामलों में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। पार्टी ने आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने पर भी जोर दिया।
संवेदनशील इलाकों में बढ़े पुलिस गश्त
ज्ञापन में मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, साकची, बिष्टुपुर और जुगसलाई समेत प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशेष रूप से शाम से देर रात तक पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई। भाजपा ने कहा कि इन क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग से आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग
भाजपा ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा करने की मांग भी की। पार्टी ने खराब कैमरों को दुरुस्त कराने और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि आपराधिक घटनाओं की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिल सके।
नशीले पदार्थ और अवैध लॉटरी नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध लॉटरी नेटवर्क पर भी कार्रवाई की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने ऐसे कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता जताई।
व्यापारियों और नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता की मांग
पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों और आम नागरिकों को जरूरत के समय त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूत करने की मांग रखी। प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा के लिए स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ पुलिस प्रशासन के समन्वय की बात भी कही गई।
पुलिस के व्यवहार को लेकर भी रखी मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि कानून और यातायात नियमों का पालन कराने के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों का व्यवहार आम नागरिकों और दुकानदारों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक होना चाहिए। पार्टी ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित बैठक और समन्वय स्थापित करने की मांग की।भाजपा ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन शहर में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाएगा और जमशेदपुर के नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगा।



