Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गोलमुरी में ज्वेलरी दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर चोरी, 4 लाख के गहने-नकदी ले गए चोर

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन बड़ी आपराधिक घटना सामने आने से स्थानीय व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी में गुरुवार देर रात चोरों ने वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।

वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, गोलमुरी बाजार में स्थित आरती ज्वेलरी में गुरुवार देर रात चोरी हुई। दुकान संचालक जगत जीवन राज के मुताबिक, उनकी दुकान में सोने-चांदी के आभूषणों की मरम्मत का काम किया जाता है।बताया गया कि देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का वेंटिलेटर तोड़ दिया और उसी रास्ते अंदर घुसे। इसके बाद दुकान में रखे कीमती आभूषणों और नकदी को लेकर फरार हो गए।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो बिखरा मिला सामान

शुक्रवार सुबह दुकान संचालक जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर दुकान का वेंटिलेटर टूटा पाया गया। इसके बाद उन्होंने तत्काल गोलमुरी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों में भी हलचल मच गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आए तथा घटना के बाद किस दिशा में भागे।

केनरा बैंक डकैती के अगले दिन ज्वेलरी दुकान में चोरी

गोलमुरी थाना क्षेत्र में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में बड़ी डकैती की घटना सामने आई थी। बैंक डकैती के करीब 24 घंटे के भीतर ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।लगातार दो दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद व्यापारी पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button