Jharkhand: जमशेदपुर में तीन अफगानी नागरिकों के वोटर बनने का मामला उजागर, एसआईएआर अभियान के दौरान हुआ खुलासा

जमशेदपुर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान जमशेदपुर से मतदाता सूची को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान तीन विदेशी नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज पाए गए। जांच में सामने आया कि तीनों व्यक्ति अफगानिस्तान के नागरिक हैं और उनके नाम पहले से मतदाता सूची में शामिल थे।
दस्तावेजों में विसंगति के बाद सामने आया मामला
अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा के अनुसार, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के दस्तावेजों में विसंगति पाई गई।इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से तीनों को नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनके पासपोर्ट की जांच की गई। जांच में तीनों के अफगानिस्तान का नागरिक होने की पुष्टि हुई।
मतदान केंद्र संख्या 286 की सूची में दर्ज थे नाम
जानकारी के मुताबिक, तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में दर्ज थे।आसिल खान का नाम क्रम संख्या 30 पर,मोहम्मद असलम का नाम क्रम संख्या 31 पर और मोहम्मद इब्राहिम का नाम क्रम संख्या 33 पर। बताया गया कि तीनों ने मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल हो गए थे। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान मामला पकड़ में आ गया।
विदेशी नागरिकों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
मामले में दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निर्वाचन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि विदेशी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में आखिर कैसे शामिल हुए।अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में किसी व्यक्ति या अन्य स्तर से उनकी मदद तो नहीं की गई।
पूरे राज्य में जांच की तैयारी
तीन अफगानी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में मिलने के बाद निर्वाचन विभाग अब राज्य में ऐसे अन्य मामलों की संभावना को लेकर भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों के स्तर पर ऐसे मामलों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।जांच का एक अहम पहलू यह भी होगा कि मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम शामिल होने के पीछे लापरवाही, फर्जी दस्तावेज या किसी अन्य तरह की अनियमितता तो नहीं हुई।
बीजेपी ने पूरे झारखंड में जांच की मांग की
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि इस तरह के मामले केवल जमशेदपुर तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने पूरे राज्य में मतदाता सूची की जांच कराने की मांग की है।अभय सिंह के मुताबिक, पूरे झारखंड में ऐसे मामलों की जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं अन्य विदेशी नागरिकों के नाम भी मतदाता सूची में तो शामिल नहीं हैं।
अब जांच से खुलेगा पूरा राज
जमशेदपुर में सामने आए इस मामले ने मतदाता सूची के सत्यापन और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निर्वाचन विभाग की जांच में यह सामने आना बाकी है कि तीन अफगानी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत शामिल हुए और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।



