Jharkhand: रांची पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार को अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और पार्टी के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान झारखंड के अलग-अलग जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
छोटी मां के घर करेंगे रात्रि विश्राम
रांची पहुंचने के बाद नितिन नबीन शुक्रवार रात अपनी छोटी मां के घर पर विश्राम करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
24 और 25 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे के दौरान 24 और 25 अक्टूबर को रांची में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे।बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा होने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन भी बैठक का प्रमुख हिस्सा रहेगा।
संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर रहेगा फोकस
झारखंड में संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों की तैयारियां भाजपा के लिए महत्वपूर्ण विषय हैं। गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव के साथ वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को इसी लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर क्या कार्ययोजना सामने आती है।



