
रांची: न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम को दूसरे टी20 मुकाबले से पहले झटका लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन दाहिने पैर में चोट के कारण 24 अक्टूबर को होने वाले दूसरे टी20 मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने झारखंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया है।कुमार कुशाग्र फिलहाल न्यूजीलैंड में ही मौजूद हैं। वह इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच होने वाली अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए वहां पहुंचे हैं। अब उन्हें भारतीय टीम के टी20 स्क्वॉड से जुड़ने का मौका मिला है।
पहले टी20 में भारत ने दर्ज की थी जीत
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर बढ़त बनाई थी। अब दूसरा मुकाबला 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाना है। इस मैच से पहले ईशान किशन की चोट ने टीम की विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी के विकल्पों को लेकर बदलाव की स्थिति पैदा कर दी है।
ईशान किशन को एडक्टर स्ट्रेन, मेडिकल टीम की नजर
बीसीसीआई के अनुसार, ईशान किशन को एडक्टर स्ट्रेन की परेशानी है। इसी वजह से वह दूसरे टी20 मुकाबले के लिए चयन के उपलब्ध नहीं हैं। उनकी फिटनेस पर बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है।ईशान की जगह कुमार कुशाग्र को शामिल किए जाने से झारखंड के इस युवा खिलाड़ी को भारतीय टीम के साथ जुड़ने का अवसर मिला है।
वनडे टीम में भी मिल चुकी है जगह
झारखंड के 22 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय वनडे टीम में भी जगह मिली है। उन्हें वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया था। अब टी20 स्क्वॉड में शामिल होने के बाद उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और अवसर बना है।कुमार कुशाग्र के टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 33 मुकाबले खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 27.76 की औसत से 694 रन बनाए हैं, जिनमें पांच अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।
दूसरे टी20 के लिए भारतीय टीम का अपडेटेड स्क्वॉड
दूसरे टी20 मुकाबले के लिए उपलब्ध कराए गए अपडेटेड स्क्वॉड में ये खिलाड़ी शामिल हैं:
- श्रेयस अय्यर (कप्तान)
- अभिषेक शर्मा
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)
- वैभव सूर्यवंशी
- तिलक वर्मा (उप-कप्तान)
- अक्षर पटेल
- शिवम दुबे
- नीतीश कुमार रेड्डी
- नमन धीर
- प्रिंस यादव
- मयंक यादव
- अर्शदीप सिंह
- भुवनेश्वर कुमार
- वरुण चक्रवर्ती
- कुलदीप यादव
- कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)
ईशान किशन की अनुपलब्धता के बीच अब दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की रणनीति पर नजर रहेगी। वहीं, झारखंड के क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि कुमार कुशाग्र को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिले। हालांकि, टीम में शामिल होने का मतलब अंतिम एकादश में चयन होना नहीं है।



