Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जामताड़ा में रेलवे ट्रैक पर मिले प्रेमी युगल के शव, दो साल पहले पंचायत में अलग रहने का हुआ था फैसला

जामताड़ा: विद्यासागर और मदनकट्टा रेलवे स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर शनिवार सुबह युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे के पेट्रोलिंग कर्मियों ने रेल पोल संख्या 271/4 और 271/6 के बीच दोनों के शव देखे और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।मृतकों की पहचान रॉकी मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और दोनों की पहचान हो सकी।घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन, जूते-चप्पल और एक सोने का लॉकेट मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

दो वर्ष पहले पंचायत में अलग रहने का हुआ था फैसला

ग्रामीणों के अनुसार, रॉकी मंडल और नाजिया खातून के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग समुदायों से थे। बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पहले इस मामले को लेकर ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। पंचायत में दोनों को अलग रहने का निर्णय लिया गया था। साथ ही, युवक के पक्ष को जुर्माना भी भरना पड़ा था।ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद नाजिया के परिजनों ने करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी ईदगाह मोड़ क्षेत्र में कर दी थी। हालांकि, शादी के बाद भी नाजिया का मायके आना-जाना लगा रहता था और दोनों के बीच संपर्क बने रहने की बात कही जा रही है।

रात करीब 12 बजे से लापता था रॉकी

परिजनों के अनुसार, रॉकी रात करीब 12 बजे से लापता था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों की तस्वीरें और उनके साथ होने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी देखे गए थे। हालांकि, इन पोस्ट और वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद रॉकी के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया कि रॉकी के पिता रघुनाथ मंडल और जैकी मंडल करीब एक वर्ष पहले साइबर अपराध के मामले में जेल गए थे। रॉकी अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था।

जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button