Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची में 22 सितंबर को मनेगा करम पर्व, अखाड़ों की सफाई शुरू

रांची: करम पर्व को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष 22 सितंबर को शहर के अलग-अलग मोहल्लों में करम पूजा का आयोजन किया जाएगा। पर्व की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कचहरी रोड स्थित टीआरआई भवन में केंद्रीय सरना समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष फुलचंद तिर्की ने की।

करम पूजा को लेकर अखाड़ों की सफाई शुरू

केंद्रीय सरना समिति ने बताया कि करम पर्व की तैयारी के तहत शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थित अखाड़ों की साफ-सफाई शुरू कर दी गई है। पर्व से करीब छह दिन पहले बहनें जावा उठाएंगी।जावा में छह प्रकार के अनाज के बीज रखे जाएंगे। इसके बाद जावा को अखाड़े में रखकर विधि-विधान से पूजा की जाएगी।

भाई की सुख-समृद्धि के लिए बहनें रखेंगी उपवास

करम पर्व को भाई-बहन के प्रेम और भाई की सुख-समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हुए उपवास रखती हैं।पूजा के दौरान ननका-ननकी और करम-धरम की कथा भी सुनाई जाएगी। पर्व के माध्यम से पारिवारिक प्रेम, भाई-बहन के रिश्ते और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाता है।

23 सितंबर को करमडाली का होगा विसर्जन

समिति के अनुसार, 23 सितंबर को मुख्य अखाड़े से करमडाली का नदी या तालाब में विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही करम पर्व से जुड़ी प्रमुख धार्मिक रस्में पूरी होंगी।समिति ने बताया कि करम पर्व अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और ओडिशा समेत कई राज्यों में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

शराब की दुकानें बंद रखने की प्रशासन से अपील

केंद्रीय सरना समिति ने प्रशासन से करम पर्व के दौरान शराब की दुकानों को बंद रखने की अपील की है। समिति का कहना है कि इससे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में मदद मिलेगी।समिति ने लोगों से भी पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button