Jharkhand: जनगणना कर्मी बनकर फ्लैट में घुसे बदमाश, महिला को बंधक बनाकर जेवर लूटे

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक महिला समेत तीन बदमाश जनगणना विभाग के कर्मी बनकर फ्लैट में दाखिल हुए और अकेली रह रही महिला को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद सोने की चेन और कान की बाली लूटकर फरार हो गए।
जनगणना कर्मी बताकर महिला ने फ्लैट में किया प्रवेश
जानकारी के मुताबिक, लीलावती अम्मा फ्लैट में अकेली थीं। इसी दौरान एक महिला उनके घर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताकर बातचीत करने लगी। कुछ देर बाद दो युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर लीलावती अम्मा को धक्का देकर फ्लैट के अंदर बंधक बना लिया।
आधे घंटे तक बंधक बनाकर की मारपीट
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और गले से सोने की चेन तथा कान की बाली उतरवा ली गई। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। मारपीट में महिला के मुंह में गंभीर चोट आई और उनका एक दांत भी टूट गया।
बालकनी में बंद कर फरार हुए आरोपी
लूटपाट के बाद बदमाश पीड़िता को फ्लैट की बालकनी में बंद कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद महिला ने किसी तरह शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने उन्हें बालकनी से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पति बी. एस. पिल्लै मौके पर पहुंचे। वह डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।



