Bihar: पटना में संदिग्ध जहरीले नशीले पदार्थ से 4 युवकों की मौत, एनएच जाम कर ग्रामीणों ने किया हंगामा

पटना। जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में संदिग्ध जहरीले नशीले पदार्थ के सेवन से चार युवकों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में मातम के साथ आक्रोश का माहौल है। मृतकों की पहचान शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) के रूप में हुई है।
एक साथ बैठे थे चारों युवक, अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, चारों युवक गांव के पास एक साथ बैठे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उन्होंने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया। कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर गिर पड़े।परिजनों के मुताबिक, चारों के मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों ने पहले उन्हें स्थानीय निजी क्लीनिक और फिर अनुमंडल अस्पताल बाढ़ पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सभी को पटना रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
मौत के बाद ग्रामीणों ने एनएच किया जाम
चार युवकों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
घटनास्थल से शराब की बोतलें मिलने से बढ़ी आशंका
घटनास्थल से शराब की बोतलें बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवकों की मौत शराब पीने से हुई या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन से।पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
डॉक्टर ने भी मौत के कारण पर जताई अनिश्चितता
अनुमंडल अस्पताल बाढ़ की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के समय चारों युवकों की हालत बेहद गंभीर थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत जहरीली शराब से हुई या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन से।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चारों युवकों की मौत किस पदार्थ के सेवन से हुई।



