EntertainmentNews

Entertainment: कुंचाको बोबन की ‘उन्मादम’ 4 सितंबर से सोनी लिव पर होगी स्ट्रीम, जानें कहानी

मनोरंजन डेस्क : कुंचाको बोबन और लिजोमोल जोस की रहस्य और मनोवैज्ञानिक रोमांच से भरपूर फिल्म ‘उन्मादम’ 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। थिएटर रिलीज के बाद अब फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म की डिजिटल रिलीज की तारीख और प्लेटफॉर्म की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।

4 सितंबर से सोनी लिव पर देख सकेंगे ‘उन्मादम’

फिल्म ‘उन्मादम’ का डिजिटल प्रीमियर सोनी लिव पर 4 सितंबर 2026 से होगा। यानी सिनेमाघरों में फिल्म देखने से चूक गए दर्शक अब घर बैठे इसकी रहस्यमयी कहानी का आनंद ले सकेंगे।फिल्म की ओटीटी रिलीज की घोषणा करते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कुछ केस सुलझा लिए जाते हैं, कुछ अनसुलझे रह जाते हैं, लेकिन एक ऐसी केस फाइल भी है जिसे छूने की हिम्मत कोई नहीं करता।

रहस्यमयी केस के इर्द-गिर्द घूमती है कहानी

‘उन्मादम’ की कहानी शेली नाम के एक अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है। वह अपनी रोजमर्रा की नौकरी से खुश नहीं है और स्क्रीनराइटर बनने का सपना देखता है।अपने सपने को पूरा करने के लिए शेली एक साल की छुट्टी लेता है, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण उसे दोबारा अपने विभाग में लौटना पड़ता है। नौकरी के दौरान हुई एक गलती के बाद उसका तबादला एक दूर-दराज के स्टेशन पर कर दिया जाता है।यहीं उसे एक युवा महिला की रहस्यमयी मौत से जुड़ी वर्षों पुरानी और लगभग भुला दी गई केस फाइल मिलती है।

शेली के लिए चुनौती बन जाती है पुरानी केस फाइल

स्थानीय लोग इस मामले को मनहूस मानते हैं, लेकिन शेली सच्चाई जानने के लिए इसकी जांच शुरू कर देता है। उसके लिए यह सिर्फ एक केस की जांच नहीं, बल्कि इसे भविष्य में फिल्म की पटकथा में बदलने का मौका भी बन जाता है।लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, मामला सामान्य अपराध की जांच से निकलकर मनोवैज्ञानिक रहस्य में बदलने लगता है। शेली की मानसिक स्थिति और निजी जिंदगी पर भी इसका असर पड़ता है।

असलियत और कल्पना के बीच उलझता है शेली

केस की तह तक पहुंचने के दौरान शेली को डरावने दृश्य और बुरे सपने आने लगते हैं। धीरे-धीरे उसके लिए वास्तविकता, उसकी लिखी पटकथा और उसकी अपनी यादों के बीच अंतर करना मुश्किल होने लगता है।उसके बदलते व्यवहार का असर पत्नी सौम्या के साथ उसके रिश्ते पर भी पड़ता है। इस बीच कथित तौर पर शापित केस का रहस्य लगातार गहराता जाता है।आखिरकार सामने आता है कि मामले से जुड़ी अलौकिक घटनाएं एक छिपे हुए सच पर पर्दा डालने का जरिया थीं। जांच शेली को उस युवा महिला की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाती है।

कुंचाको बोबन समेत ये कलाकार आएंगे नजर

‘उन्मादम’ में कुंचाको बोबन और लिजोमोल जोस मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा सिद्दीक, कृष्णा प्रभा, विशाक नायर, सुधीश और सबुमोन अब्दुसमद भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।फिल्म का निर्देशन किरण दास ने किया है, जबकि इसकी कहानी शाही कबीर ने लिखी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button