NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: लखनऊ में बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या, पति ने बहन को भी मारा; फिर खुद की जान ली

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। एक निजी बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला के पति मानस बाजपेई ने बैंक के बाहर उसे गोली मारी।पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बैंक के बाहर बुलाकर पत्नी को मारी गोली

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने दिव्या मिश्रा को बैंक से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद आरोपी ने महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी गोली मारी

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, पत्नी को गोली मारने के बाद मानस बाजपेई अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।पुलिस को घर में भाई-बहन दोनों के शव मिले। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद होने की बात सामने आई है।

व्हाट्सएप्प स्टेटस में लगाया था हत्या का जिक्र

घटना से पहले आरोपी द्वारा लगाए गए कथित व्हाट्सएप्प स्टेटस ने भी पुलिस की जांच को अहम दिशा दी है। बताया जा रहा है कि उसने स्टेटस में पत्नी पर उसे धोखा देने का आरोप लगाया था और हत्या की वजह बताई थी।उसने कथित तौर पर अपनी बहन की हत्या करने और खुद आत्महत्या करने की बात भी लिखी थी। पुलिस अब इस स्टेटस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पड़ोसी ने बताया- डेढ़ साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी

आरोपी के पड़ोसी अंकुर ने बताया कि मानस बाजपेई मिलनसार स्वभाव के थे। दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और पिछले करीब डेढ़ साल से पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे थे।पड़ोसी के अनुसार, मानस एक सरकारी बैंक में काम करते थे। व्हाट्सएप्प स्टेटस देखने के बाद जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो भाई-बहन दोनों बेड पर पड़े मिले। मानस के सीने पर पिस्टल पड़ी थी और कमरे में टीवी तेज आवाज में चल रहा था।

पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है।

दिव्या की बहन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

दिव्या मिश्रा की बहन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उनकी बहन को गोली मारी गई है और उन्हें इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया है।इसके जवाब में लखनऊ पुलिस की ओर से बताया गया कि मौके पर उच्चाधिकारी मौजूद हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।पुलिस सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button