Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बोकारो में दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 900 से अधिक तीरंदाज ले रहे हिस्सा

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 29 अगस्त तक किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने तीर चलाकर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।इस अवसर पर गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, बोकारो विधायक श्वेता सिंह और बोकारो तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष लंबोदर महतो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देशभर से पहुंचे 900 से अधिक तीरंदाज

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 900 से अधिक पुरुष और महिला तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग में किया जा रहा है।इन वर्गों में देशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करने के लिए निशाना साधेंगे।

राज्यपाल ने कहा- तीरंदाजी देश का प्राचीन खेल

मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि तीरंदाजी देश का प्राचीन खेल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। झारखंड तीरंदाजी के क्षेत्र में पहले की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित होने से खिलाड़ियों को और प्रोत्साहन मिलेगा।

बोकारो में आयोजन से खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

बोकारो तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष लंबोदर महतो ने प्रतियोगिता को झारखंड के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन से राज्य के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा और तीरंदाजी को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

29 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता

दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग आयु वर्ग के मुकाबले होंगे। देश के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा और उभरते तीरंदाज भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।बोकारो में इतने बड़े स्तर पर तीरंदाजी प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और उनसे सीखने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button