BreakingNewsSportsTrending

Sports: एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, 13वें दिन मिले 6 गोल्ड समेत 10 पदक; मेडल टैली में टॉप-5 में पहुंचा

स्पोर्ट्स डेस्क । एशियन गेम्स का 13वां दिन भारत के लिए पदकों के लिहाज से शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य समेत कुल 10 पदक डाले। इस प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 76 हो गई है, जिसमें 16 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद जीता गोल्ड

दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि भारतीय महिला हॉकी टीम के नाम रही। फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीता।स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया।

सुजीत कलकल ने कुश्ती में किया कमाल

कुश्ती के पुरुष 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में वह एक समय ताजिकिस्तान के पहलवान के खिलाफ 2-9 से पीछे चल रहे थे।
हालांकि, मुकाबले के आखिरी पलों में सुजीत ने लगातार तीन टेकडाउन करते हुए स्कोर 10-9 कर दिया और मुकाबला जीतकर भारत के खाते में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया।

बॉक्सिंग में लवलीना, परवीन और अंकुश ने जीते गोल्ड

मुक्केबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। महिला वर्ग में लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा और परवीन ने 65 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।वहीं पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंगल ने भी फाइनल मुकाबला जीतकर भारत को एक और गोल्ड मेडल दिलाया।

आर्चरी में महिला रिकर्व टीम ने रचा इतिहास

तीरंदाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला रिकर्व टीम स्पर्धा के फाइनल में अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम मोहोद की भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता।इसके अलावा भारत ने पुरुष रिकर्व टीम और मिक्स्ड रिकर्व टीम स्पर्धा में दो रजत पदक भी हासिल किए।

भारत के खाते में अब 76 पदक

13वें दिन के मुकाबलों के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 76 हो गई है। भारत ने अब तक 16 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक जीते हैं। शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में टॉप-5 में बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button