BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: कपाली में मूसलाधार बारिश से कच्चा मकान गिरा, तीन महिलाएं घायल

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 2 के मिल्लत नगर में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण बाल-बाल बच गए।

लगातार बारिश से कमजोर हो गई थीं मकान की दीवारें और छत

बताया जा रहा है कि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और छत काफी कमजोर हो गई थीं। इसी दौरान अचानक मकान ढह गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

तीन महिलाएं घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में करीब 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला हसीना बानो, उनकी करीब 45 वर्षीय बेटी नाजनीन बानो और करीब 25 वर्षीय नतनी मुस्कान घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए रामू चौक के समीप स्थित टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया। फिलहाल तीनों महिलाओं का इलाज जारी है।

दो बच्चों की बची जान

मकान गिरने के समय दो बच्चे भी घर के अंदर मौजूद थे और गंभीर खतरे में आ गए थे। हालांकि आसपास के लोगों की तत्परता और समय पर किए गए राहत-बचाव कार्य के कारण दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कपाली पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घायलों के इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की बढ़ी परेशानी

लगातार हो रही बारिश के कारण कपाली क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में जर्जर एवं कच्चे मकानों का सर्वे कराया जाए। साथ ही जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, राहत सामग्री उपलब्ध कराने और तत्काल आवश्यक सहायता देने की व्यवस्था की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button