BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: बहरागोड़ा में फलक इंडस्ट्रियल फ्यूल परिसर में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

बहरागोड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा पंचायत अंतर्गत छोटा अर्जुना मौजा में एनएच-49 किनारे स्थित फलक इंडस्ट्रियल फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में बुधवार सुबह करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है।आग लगते ही कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं और घना धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल गया। धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रशासन और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

पेट्रोल पंप महज 70 मीटर की दूरी पर

घटना की गंभीरता इस वजह से भी बढ़ गई थी कि आग लगने वाले परिसर से महज 70 मीटर की दूरी पर इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप स्थित है। ऐसे में यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से संभावित खतरे को टालने में मदद मिली। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल के आसपास जुट गए।

कंपनी में करीब 20 कर्मचारियों के काम करने की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय कंपनी परिसर में करीब 20 कर्मचारियों के काम करने की बात सामने आई है। हालांकि आग बुझाए जाने के बाद परिसर के अंदर कर्मचारियों की मौजूदगी थी या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

नुकसान का आकलन जारी

फिलहाल आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों तथा इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button