Jharkhand: हाइवा ने खड़े ट्रेलर को मारी टक्कर,करीब 10 घंटे बाद सामान्य हुआ यातायात

सरायकेला। सरायकेला-राजनगर रोड पर बुधवार की सुबह तितिरविला पुलिया के पास महतो ढाबा के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। कांड्रा की ओर से आ रहे आयरन ओर से लदे तेज रफ्तार हाइवा (जेएच05ईएच-5967) ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर (जेएच02बीक्यू-6284) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में ही फंस गया। वहीं, टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खेत में जा घुसा।
केबिन में फंसा था चालक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हाइवा के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया।चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। भौगोलिकसंदर्भ
दूसरा हाइवा दलदल में फंसा, लगा महाजाम
हादसे के बाद मुख्य सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के खड़े रहने से यातायात बाधित हो गया। इसी दौरान वाहनों को साइड से निकालने के प्रयास में एक दूसरा हाइवा (जेएच05ईबी-8004) सड़क किनारे दलदल में फंस गया।इसके बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 6 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया। जाम में फंसे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
यातायात बहाल करने के लिए पुलिस ने क्रेन की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग एक बजे यातायात को पूरी तरह सामान्य कराया जा सका।हादसे के कारण सरायकेला-राजनगर रोड पर घंटों वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



