Delhi INFACTNews

Delhi: प्रवेश वर्मा के मानहानि केस में सौरभ भारद्वाज को नोटिस, 18 अगस्त को कोर्ट में पेश होने का आदेश

नई दिल्ली: राउज एवेन्यू स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने मंत्री प्रवेश वर्मा की ओर से दायर आपराधिक मानहानि मामले में आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को नोटिस जारी किया है।अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल की अदालत ने सौरभ भारद्वाज को 18 अगस्त को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान प्रवेश वर्मा स्वयं अदालत में मौजूद रहे।

अब तक चार गवाहों के बयान दर्ज

इस मामले में प्रवेश वर्मा की ओर से अब तक चार गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।जानकारी के मुताबिक 1 अगस्त को यशदीप चतुर्वेदी ने प्रवेश वर्मा की ओर से अपना बयान दर्ज कराया था। इससे पहले 15 जुलाई को शक्ति सिंह सहरावत और कुलभूषण जैन के बयान दर्ज किए गए थे।वहीं, 4 जुलाई को प्रवेश वर्मा ने स्वयं अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था।

पेन ड्राइव में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी दाखिल

मामले में 25 जुलाई को प्रवेश वर्मा की ओर से कुछ दस्तावेज और पेन ड्राइव में उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य अदालत में दाखिल किए गए थे। अदालत ने इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को रिकॉर्ड पर ले लिया था।प्रवेश वर्मा ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि सौरभ भारद्वाज ने उनकी और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगाए।

500 करोड़ रुपये के निजी स्कूल ट्रस्ट से जुड़ा आरोप

प्रवेश वर्मा का आरोप है कि सौरभ भारद्वाज ने उन पर करीब 500 करोड़ रुपये मूल्य के एक निजी स्कूल ट्रस्ट में अपने सहयोगी को ट्रस्टी नियुक्त कराने के लिए मंत्री पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।वर्मा का कहना है कि ये आरोप तथ्यहीन थे और इनका उद्देश्य उनकी सार्वजनिक छवि एवं प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी मानहानि का आरोप

आपराधिक मानहानि की याचिका में प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया है कि सौरभ भारद्वाज ने 15 और 16 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उनके खिलाफ विभिन्न आरोप लगाए थे।याचिका के अनुसार, भारद्वाज ने आरोप लगाया था कि प्रवेश वर्मा ने पोस्को मामले में आरोपित स्कूल कर्मचारियों के पक्ष में कार्रवाई की।प्रवेश वर्मा ने दावा किया है कि इन पोस्ट का उद्देश्य समाज में उनकी छवि खराब करना और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था।

दिल्ली हाईकोर्ट में भी दायर किया है दीवानी मानहानि का केस

इसी विवाद को लेकर प्रवेश वर्मा ने दिल्ली हाईकोर्ट में भी सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर किया है।इस मामले में प्रवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज से 5 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।आपराधिक मानहानि मामले में अब अदालत ने सौरभ भारद्वाज को नोटिस जारी कर 18 अगस्त को पेश होने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button