Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: परसुडीह पुलिस ने महिला हत्याकांड का किया खुलासा, शादी का दबाव बनने पर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह नहर में 26 जुलाई को मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दासमत बास्के (निवासी छोटा बांदुआ, थाना पोटका) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

26 जुलाई को नहर में मिला था महिला का शव

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि कलियाडीह नहर में एक महिला का शव पानी में तैर रहा है। सूचना पर पहुंची परसुडीह थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।बाद में मृतका की पहचान किरण देवी (45 वर्ष), पति सुंदर प्रसाद, निवासी जुगसलाई बंगालीपाड़ा, राम मंदिर के समीप के रूप में हुई। मृतका के पुत्र घनश्याम सिंह ने शव की पहचान करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर यूडी केस दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

विशेष टीम गठित कर शुरू हुई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।जांच के दौरान पुलिस का संदेह दासमत बास्के पर गया। इसके बाद 1 अगस्त को परसुडीह थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतका लगातार उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कलियाडीह नहर में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या का प्रतीत हो।

हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं, जिनमें टीवीएस स्कूटी (JH05EF-3277),काला टी-शर्ट,गुलाबी रंग का बैग और बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर शामिल हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button