Bihar INFACTNews

Bihar: रोहतास के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या से बिहार में सनसनी, चालक गिरफ्तार

दानापुर/रोहतास: रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या ने पूरे बिहार को झकझोर दिया है। शनिवार रात औरंगाबाद में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। वहीं, दानापुर स्थित उनके आवास पर मातम का माहौल है।

दानापुर स्थित आवास पर पसरा मातम

मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी निवासी विमल कुमार दानापुर के गोला रोड स्थित गंगा कुटीर अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-501 के मालिक थे। नौकरी के कारण वे डेहरी के सिंचाई कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहते थे, जबकि उनकी पत्नी बबीता कुमारी दो छोटे बच्चों के साथ दानापुर में रहती थीं।परिवार में सात वर्षीय बेटी वैभवी विमल और पांच वर्षीय बेटा विवान विमल हैं। हत्या की सूचना मिलते ही बबीता कुमारी बच्चों के साथ औरंगाबाद रवाना हो गईं। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में शोक का माहौल है।

दानापुर नगर परिषद में भी दे चुके हैं सेवाएं

विमल कुमार 11 मार्च 2024 से 2 जून 2024 तक दानापुर नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर भी कार्यरत रहे थे। उनकी हत्या की खबर के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। विरोध में लोगों ने दानापुर के टी-प्वाइंट के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

पोस्टमार्टम में गोली नहीं, गंभीर चोटों के मिले संकेत

विमल कुमार का पोस्टमार्टम रविवार तड़के सासाराम सदर अस्पताल में तीन डॉक्टरों की विशेष टीम ने किया। टीम का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने किया।प्रारंभिक जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि लोहे की रॉड जैसी किसी भारी वस्तु से उन पर हमला किया गया। पोस्टमार्टम में शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई मिली हैं, जबकि गला, छाती और पीठ पर भी गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

पुलिस जांच में जुटी, चालक से पूछताछ जारी

पोस्टमार्टम के दौरान रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्र, एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, मृतक की पत्नी और अन्य परिजन मौजूद रहे।पुलिस ने इस मामले में मृतक के चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की साजिश का खुलासा करने में जुटी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button