Delhi : सांसद विद्युत वरण महतो ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, पूर्वी सिंहभूम की कई सड़क परियोजनाओं को दी मंजूरी दिलाने की मांग

जमशेदपुर:लोकसभा के वर्तमान मानसून सत्र के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों की कई महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने की मांग की। सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
पारडीह से बांकुड़ा तक नए सड़क मार्ग का प्रस्ताव
सांसद ने बताया कि एनएच-18 के पारडीह काली मंदिर से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होते हुए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा तक नया सड़क मार्ग बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस सड़क से टाटा स्टील, जमशेदपुर और दुर्गापुर स्टील सिटी के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा तथा औद्योगिक परिवहन को मजबूती मिलेगी।
एनएच -220 को ओडिशा सीमा तक बढ़ाने की मांग
विद्युत वरण महतो ने एनएच-220 को वर्तमान चाईबासा-हाता मार्ग से आगे जादूगोड़ा, मुसाबनी, घोड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना है कि इससे खनन, औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
सीआरआईएफ फंड से 118.65 करोड़ की सड़क परियोजना का प्रस्ताव
सांसद ने सीआरआईएफ के तहत धालभूमगढ़-नरसिंहगढ़ रेलवे लेवल क्रॉसिंग से मुसाबनी-डुमरिया मुख्य मार्ग होते हुए ओडिशा सीमा तक लगभग 16.825 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की मांग की। करीब 118.65 करोड़ रुपये की इस परियोजना से भैरवपुर, छोड़िया, उबीसा, धरासाई, पम्पूघाट और बलियागोड़ा जैसे ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि उत्पादों के परिवहन और अंतर्राज्यीय संपर्क को मजबूती मिलेगी।
स्वर्णरेखा नदी पर हाई लेवल पीएससी पुल की मांग
सांसद ने बामडोल घाट मार्ग पर स्वर्णरेखा नदी के ऊपर उच्च स्तरीय पीएससी पुल के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 162.14 करोड़ रुपये बताई गई है। उन्होंने कहा कि यह पुल झारखंड और ओडिशा के बीच आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा।
धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के स्थायी समाधान की मांग
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के दोनों ओर लगभग एक-एक किलोमीटर तक सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण फ्लाईओवर के दोनों ओर की सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि यदि उच्च गुणवत्ता की सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाई जाती है तो सड़क की मजबूती बढ़ेगी और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता समाप्त होगी।
जनहित में जल्द स्वीकृति की अपील
सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से अनुरोध किया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इन सभी सड़क और पुल परियोजनाओं को सीआरआईएफ के तहत प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि इनका कार्य शीघ्र शुरू हो सके।



