Delhi: राहुल गांधी ने जंतर-मंतर प्रदर्शन में चर्चा में आए मोहम्मद इरफान से की मुलाकात, बोले- ‘युवा ही देश की असली ताकत’

दिल्ली: जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान चर्चा में आए मोहम्मद इरफान से मुलाकात की। इरफान उस समय सुर्खियों में आए थे, जब प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पूरे उत्साह के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया था। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
राहुल गांधी ने युवाओं की भूमिका को बताया देश की ताकत
मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि,”इरफान से मुलाकात हुई, दिल्ली की बस्ती का एक युवा, जिसकी सोच उसके हालात की मोहताज नहीं है। संविधान की उसकी समझ, देश के प्रति उसका नजरिया और सीखने की उसकी इच्छा यही बताती है कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके युवाओं में बसती है। इरफान जैसे लाखों युवा ही देश की असली उम्मीद हैं—जिज्ञासु, संवेदनशील और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति सजग।”
संविधान की प्रस्तावना पढ़कर हुए थे वायरल
नीट पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र आंदोलन के दौरान मोहम्मद इरफान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वे संविधान की प्रस्तावना पढ़ते हुए तथा संविधान, समानता और न्याय के महत्व पर जोश के साथ अपनी बात रखते दिखाई दिए थे। उनके भाषण को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली।
कौन हैं मोहम्मद इरफान?
मोहम्मद इरफान दिल्ली के निवासी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे कभी औपचारिक रूप से स्कूल नहीं गए, लेकिन काम करते हुए उन्होंने स्वयं अध्ययन किया और भारतीय संविधान में गहरी रुचि विकसित की।एक झुग्गी बस्ती से आने वाले इरफान ने छात्र आंदोलन के दौरान मजदूर वर्ग, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।



