Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गिरिडीह में महिलाओं से चेन छिनतई के दो मामलों का खुलासा, कटिहार से बरामद हुई सोने की चेन

गिरिडीह जिले में महिलाओं से सोने की चेन छीनने की दो सनसनीखेज घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की तकनीकी और मानवीय जांच के आधार पर दोनों मामलों में छीनी गई सोने की चेन बिहार के कटिहार जिले से बरामद कर ली गई है। हालांकि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान हो चुकी है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

11 और 12 जुलाई को हुई थीं दो वारदातें

पहली घटना 11 जुलाई की शाम करीब छह बजे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के पास हुई थी। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी।दूसरी घटना 12 जुलाई की शाम करीब सात बजे नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के समीप हुई, जहां दो बाइक सवार अपराधियों ने दूसरी महिला को निशाना बनाकर उसकी सोने की चेन छीन ली। लगातार दो दिनों तक हुई इन घटनाओं से शहर की महिलाओं में दहशत का माहौल बन गया था।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 186/2026 और नगर थाना में कांड संख्या 150/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जितवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला अहम सुराग

एसआईटी ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान धनबाद, बोकारो और बिहार के कटिहार जिले के कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की गई।आखिरकार कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोनों महिलाओं से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली।

बरामद हुई 11 ग्राम और 19 ग्राम की सोने की चेन

पुलिस के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 11 ग्राम है, जबकि नगर थाना क्षेत्र से छीनी गई दूसरी चेन का वजन करीब 19 ग्राम है। दोनों चेन अपराधियों के घर से बरामद की गईं।

आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जितवाहन उरांव, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय रूपेन्द्र कुमार राणा, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारियों और तकनीकी शाखा के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button