BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर झारखंड में दो दिवसीय राजकीय शोक, 7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

रांची। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर राज्य सरकार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री के निधन के सम्मान में झारखंड सरकार ने 6 सितंबर 2026 और 7 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में निधन हुआ। उनके निधन के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर राजकीय शोक की घोषणा की गई।

6 और 7 सितंबर को रहेगा राजकीय शोक

राज्य सरकार के आदेश के अनुसार दिवंगत मंत्री के सम्मान में 6 सितंबर (रविवार) और 7 सितंबर (सोमवार) 2026 को पूरे राज्य में दो दिवसीय राजकीय शोक मनाया जाएगा।राजकीय शोक की अवधि के दौरान राज्य में किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।

सरकारी भवनों पर आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज

राजकीय शोक के दौरान राज्य के उन सभी सरकारी एवं अन्य भवनों पर, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।यह व्यवस्था दिवंगत मंत्री के प्रति राज्य सरकार की ओर से सम्मान और शोक की अभिव्यक्ति के रूप में लागू की गई है।

7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय बंद

राज्य सरकार ने राजकीय शोक के सम्मान में 7 सितंबर 2026, सोमवार को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है।इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

केंद्र सरकार को भी भेजी गई आदेश की प्रति

राजकीय शोक और सरकारी कार्यालयों के बंद रहने से संबंधित आदेश की प्रतियां राज्य के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भेजी गई हैं। इसके साथ ही आदेश की प्रति केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भी भेजी गई है।

सुदिव्य कुमार के निधन से राजनीतिक जगत में शोक

सुदिव्य कुमार झारखंड सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।राज्य सरकार की ओर से उनके निधन को गंभीर क्षति बताते हुए सम्मान स्वरूप दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button