Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: फर्जी दस्तावेज मामले में भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

चतरा। चतरा जिले के हंटरगंज अंचल अधिकारी के कथित फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी मुहर का इस्तेमाल कर दस्तावेज तैयार करने के मामले में भाजपा नेता एवं पत्थर व्यवसायी श्रीनिवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ हंटरगंज थाना में कांड संख्या 17/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

हाईकोर्ट में फर्जी दस्तावेज पेश करने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, यह मामला अंचल निरीक्षक के आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि अंचल कार्यालय से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेज हाईकोर्ट में प्रस्तुत किए गए थे। हंटरगंज थाना पुलिस ने श्रीनिवास को रांची से गिरफ्तार कर चतरा न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें मंडल कारा चतरा भेज दिया गया।

श्रीनिवास ने आरोपों को बताया साजिश

गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में श्रीनिवास ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि भ्रष्टाचार और अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।

भाजयुमो नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

श्रीनिवास की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद शत्रु ने प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि इसका असर प्रदेश की राजनीति पर भी देखने को मिलेगा।

हाल के महीनों में प्रशासन पर लगाए थे गंभीर आरोप

श्रीनिवास पिछले कुछ महीनों से जिले में कथित अवैध खनन और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रशासन के खिलाफ मुखर रहे हैं। उन्होंने जिला खनन विभाग और अन्य विभागों पर गंभीर आरोप लगाए थे तथा हाल ही में सड़क दुर्घटना में सीआरपीएफ जवान की मौत के बाद प्रशासन के खिलाफ हुए आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button