Jharkhand: बीआईटी मेसरा 15 जुलाई को मनाएगा 72वां स्थापना दिवस, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान , मेसरा 15 जुलाई को अपना 72वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। यह अवसर संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में योगदान की गौरवशाली यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
स्थापना दिवस से पहले आयोजित हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस
स्थापना दिवस समारोह से पूर्व बीआईटी मेसरा ने रांची के लालपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी साझा की। इस दौरान प्रो. श्रद्धा शिवानी (डीन, एलुमनाई एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध), डॉ. विशाल एच. शाह (एसोसिएट डायरेक्टर, एलुमनाई रिलेशंस), दीपिका दीप (एसोसिएट डायरेक्टर, प्लेसमेंट्स एवं आउटरीच) तथा डॉ. मृणाल पाठक (समन्वयक, मीडिया सेल) ने मीडिया को संबोधित किया।
पूर्व छात्रों और विशिष्ट अतिथियों का होगा सम्मान
समारोह में टेगा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मदन मोहन मोहनका और आईआईटी भुवनेश्वर के निदेशक प्रो. श्रीपद करमलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही 1986, 1996 और 2001 बैच के पूर्व छात्रों का पुनर्मिलन भी आयोजित किया जाएगा। संस्थान के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को विभिन्न श्रेणियों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
रिसर्च कोलोक्वियम का होगा ग्रैंड फिनाले
स्थापना दिवस समारोह का एक प्रमुख आकर्षण रिसर्च कोलोक्वियम का ग्रैंड फिनाले होगा। इसमें चयनित शोधार्थी अपने शोध कार्य विशिष्ट अतिथियों और विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे तथा शीर्ष पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। संस्थान का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से अनुसंधान, नवाचार और अंतःविषय सहयोग की संस्कृति को और मजबूत करना है।



