Jharkhand: राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन में फूट की अटकलों पर विनोद पांडेय का बड़ा बयान, बोले- सब कुछ टनाटन चल रहा है

चतरा : झारखंड राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद राजद और कांग्रेस के बीच मतभेद की खबरों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने बड़ा बयान दिया है। चतरा में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह मजबूत है और गठबंधन के सभी दलों के बीच बेहतर तालमेल बना हुआ है।उन्होंने कहा, “महागठबंधन में सब कुछ टनाटन चल रहा है। किसी भी सहयोगी दल के बीच किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बैठकर सभी मुद्दों का समाधान कर लेंगे।”
चतरा में झामुमो का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
चतरा कॉलेज परिसर स्थित मल्टीपरपस हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेंन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय शामिल हुए।सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
कार्यकर्ताओं को बूथ संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि किसी भी चुनाव में बूथ सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है। मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही राज्य में संचालित एसआईआर की बारीकियों से भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया।
आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान
झामुमो जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेंन ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी।
बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद मल्टीपरपस हॉल कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



