Bihar: बिहार राज्य खेल सम्मान 2026 के लिए आवेदन शुरू, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और कोचों से मांगे गए ऑनलाइन आवेदन

पटना: बिहार के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में खेल प्रतिभाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने ‘बिहार राज्य खेल सम्मान 2026’ के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, अनुभवी कोचों, खेल संघों और खेल अधिकारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को सम्मानित करना तथा नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
24 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार, 24 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी आवेदकों को समय रहते आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
क्यूआर कोड के जरिए आसान होगा आवेदन
इस वर्ष आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सरल बनाया गया है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने एक विशेष क्यूआर कोड भी जारी किया है, जिसे स्कैन कर अभ्यर्थी सीधे ऑनलाइन आवेदन पोर्टल तक पहुंच सकते हैं।
तकनीकी सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
यदि किसी खिलाड़ी, कोच या अन्य आवेदक को आवेदन भरने या दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो वे 9031045384 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस नंबर पर आवेदन प्रक्रिया, नियमों और तकनीकी समस्याओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर
‘बिहार राज्य खेल सम्मान 2026’ राज्य के उन खिलाड़ियों और खेल से जुड़े व्यक्तियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है। इस सम्मान के माध्यम से राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।



