Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: प्रेम प्रसंग में युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

बेरमो: बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर युवक को देखकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने चंद्रपुरा थाना पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक की काउंसलिंग की, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने वाला युवक बोकारो-पुरुलिया सीमा क्षेत्र के सिद्धी गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि उसका तेलो की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी कारणवश दूरी बढ़ गई, जिससे युवक मानसिक तनाव में आ गया। इसी तनाव के चलते उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध जताने का प्रयास किया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल चंद्रपुरा थाना पुलिस युवक से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि समय रहते युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

बढ़ रही ऐसी घटनाएं, प्रशासन के लिए चुनौती

गौरतलब है कि बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। व्यक्तिगत विवाद, प्रेम प्रसंग या अन्य मांगों को लेकर कुछ युवक मोबाइल टावर जैसी ऊंची जगहों पर चढ़कर प्रशासन, परिवार और समाज पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं न केवल संबंधित व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं, बल्कि बचाव कार्य के दौरान पुलिस-प्रशासन और आम लोगों के लिए भी गंभीर चुनौती बन जाती हैं। प्रशासन लोगों से संयम बरतने और किसी भी समस्या का समाधान कानूनी एवं शांतिपूर्ण तरीके से निकालने की अपील करता रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button