Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला के दोनों आरोपी गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में जल्द ही किसी बड़ी साजिश का खुलासा किया जा सकता है।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी एसआईटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मंगलवार रात हुआ था हमला

यह घटना मंगलवार देर रात की है, जब दोपहिया वाहन पर सवार दो अज्ञात बदमाश निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पहुंचे। आरोपियों ने कार्यालय परिसर की ओर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंका और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम कड़ी

जांच के दौरान एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर रांची से भागने के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ जारी, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही इस मामले में आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button