
कानपुर: कानपुर के थाना फीलखाना क्षेत्र अंतर्गत बालाजी धाम अपार्टमेंट में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहाँ एक कपूर कारोबारी की उसकी अपनी ही पत्नी ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पत्नी का पिछले दो वर्षों से किसी गैर मर्द के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका विरोध करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।गंभीर रूप से घायल पति ने अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
5 जून को फोन पर टोका, तो बेडरूम से किचन तक हुआ खूनी खेल
भुक्तभोगी परिवार और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है, जो कपूर का बड़ा कारोबार करते थे। मनीष ने साल 2017 में काहूकोठी की रहने वाली निहारिका से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन पिछले दो साल से निहारिका का किसी अन्य व्यक्ति से अफेयर शुरू हो गया। मनीष को जब इसकी भनक लगी, तो घर में आए दिन कलह होने लगी। बीती 5 जून को निहारिका घर में अपने प्रेमी से फोन पर लंबी बात कर रही थी। मनीष ने जब उसे रंगे हाथ पकड़ा और टोकते हुए विरोध किया, तो निहारिका गुस्से से आगबबूला हो गई। उसने आव देखा न ताव, सीधे किचन में जाकर सब्जी काटने वाला धारदार चाकू उठाया और मनीष के पेट में घोंप दिया।
केपीएम से हैलेट रेफर, 11 दिनों तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ हारा मनीष
चाकू लगते ही मनीष लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घर में चीख-पुकार मचने के बाद मनीष के वृद्ध माता-पिता और परिजन उन्हें आनन-फानन में स्थानीय केपीएम अस्पताल लेकर भागे।मनीष की गंभीर हालत और अंदरूनी अंगों में गहरे जख्म को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत शहर के बड़े हैलेट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हैलेट के आईसीयू में करीब 11 दिनों तक वेंटिलेटर और डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रहने के बाद, आखिरकार मंगलवार को इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई।
परिवार में कोहराम, मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया
मनीष की मौत की खबर मिलते ही बालाजी धाम अपार्टमेंट और पूरे फीलखाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बुजुर्ग पिता रामकिशोर और मां मीरा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में अब मनीष का एक 5 साल का मासूम बेटा रह गया है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है और मां जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुकी है।पिता रामकिशोर ने रुआंसे स्वर में कहा कि बेटे ने बड़े चाव से लव मैरिज की थी, लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि इस रिश्ते का ऐसा वीभत्स और खौफनाक अंजाम होगा।
क्या कहती है फीलखाना पुलिस?
इस पूरे मामले पर आधिकारिक जानकारी देते हुए फीलखाना थाना प्रभारी अभय नारायण ने बताया की “पीड़ित पिता रामकिशोर की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या (आईपीसी /बीएनएस की सुसंगत धाराओं) का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित महिला निहारिका को त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया गया और गहन पूछताछ के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू को जब्त कर लिया गया है। पुलिस वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है, और जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”



