NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: अदिति यादव पर अभद्र टिप्पणी मामले में सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- ‘बेटी का सम्मान होना चाहिए’

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान सामने आया है। आजमगढ़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “बेटी का सम्मान होना चाहिए” और किसी भी बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

सीएम योगी बोले- संज्ञान में आते ही एफआईआर के निर्देश दिए

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले दिनों उनके संज्ञान में यह मामला आया था कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर गलत और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।उन्होंने कहा, “जैसे ही मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।”

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित रूप से भ्रामक और अभद्र पोस्ट साझा किए गए थे। इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी देखने को मिली।मामले को गंभीरता से लेते हुए कानपुर साइबर क्राइम थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और संबंधित अकाउंट्स की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को राजनीतिक शिष्टाचार और महिलाओं के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं समाजवादी पार्टी लगातार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button