
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ भक्ति और आस्था के प्रमुख केंद्र शीतला माता मंदिर परिसर में एक शातिर चोर ने 3-4 साल के मासूम बच्चे को अपना निशाना बनाया। माता-पिता की थोड़ी सी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर ने बच्चे के गले से सोने-चांदी के जेवरात कटर से काट लिए और फरार हो गया। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पूजा-अर्चना में लीन थे माता-पिता, पिलर की आड़ में चोर ने दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, एक श्रद्धालु परिवार अपने मासूम बच्चे के साथ गंजबासौदा स्थित शीतला माता के दर्शन करने पहुंचा था। माता-पिता जैसे ही माता की पूजा-अर्चना और प्रार्थना में लीन हुए, उनका बच्चा पास में ही मंदिर परिसर के भीतर खेलने लगा।इसी दौरान वहाँ पहले से घात लगाकर बैठा एक शातिर चोर सक्रिय हो गया। जैसे ही बच्चा खेलते-खेलते मंदिर के एक पिलर (खंभे) की आड़ में गया, चोर ने उसे घेर लिया। शातिर अपराधी ने पलक झपकते ही बच्चे के गले में पहने कीमती आभूषणों को कटर से काटा और जेब में रखकर रफूचक्कर हो गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वारदात के बाद मंदिर परिसर से तेजी से बाहर निकलते हुए साफ दिखाई दे रहा है।धार्मिक स्थलों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपने छोटे बच्चों को एक पल के लिए भी अकेला न छोड़ें। उनके गले या शरीर पर कीमती आभूषण पहनाने से बचें।
खाली गला देख उड़े होश, पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
जब पूजा खत्म होने के बाद माता-पिता की नजर बच्चे के खाली गले पर पड़ी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन और व्यवस्थापकों को दी। जब मंदिर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो इस कटरबाज की पूरी करतूत सामने आ गई।सूत्रों के मुताबिक, यह शातिर चोर पहले भी इस मंदिर परिसर को निशाना बना चुका है। इससे पहले भी कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के गले से चेन और आभूषण गायब होने की शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन इस बार आरोपी का चेहरा और उसकी हरकत कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस कर रही है शातिर ‘कटरबाज’ की तलाश
इस सनसनीखेज चोरी के बाद शीतला शक्तिधाम मंदिर प्रबंधन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस थाने में सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। गंजबासौदा पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस शातिर ‘कटरबाज’ की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



