Bihar: महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, पत्नी बनाती रही वीडियो; धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

कैमूर : बिहार के कैमूर जिले से एक बेहद ही हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जिसका वीडियो भी बनाया गया। इतना ही नहीं, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने का भी दबाव डाला गया।इस सनसनीखेज मामले में कैमूर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और महज चार घंटे के भीतर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर लोग काफी तारीफ कर रहे हैं।
अचेत कर किया दुष्कर्म, पत्नी ने मोबाइल में बनाया वीडियो
मामले का खुलासा करते हुए मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा ने बताया कि पीड़ित महिला ने 9 जून 2026 को रामगढ़ थाने में एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी।शिकायत के अनुसार, 5 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे आरोपी एकराम अंसारी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। वहां उसे जबरन कोई नशीला पदार्थ पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। महिला के अचेत होते ही आरोपी एकराम अंसारी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब आरोपी इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे रहा था, तब उसकी पत्नी शाहिदा बेगम लगातार अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी।
वीडियो वायरल करने की धमकी और धर्म परिवर्तन का दबाव
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसे होश आया, तो आरोपी पति-पत्नी ने उसे वह वीडियो दिखाया। दोनों ने पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए धमकी दी कि यदि उसने अपना धर्म परिवर्तन नहीं किया, तो इस अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर समाज में उसे बदनाम कर दिया जाएगा।
“आवेदन मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। एक विशेष टीम ने त्वरित छापेमारी कर महज 4 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी एकराम अंसारी (35 वर्ष) और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम (26 वर्ष) को उनके ग्राम डरवन से गिरफ्तार कर लिया।”
— गोपाल कृष्णा, डीएसपी, मोहनिया
वारदात में इस्तेमाल मोबाइल बरामद, आरोपी का है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने गिरफ्तार दंपत्ति के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एंड्रॉएड मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसमें वीडियो रिकॉर्ड किया गया था। फोन को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।डीएसपी गोपाल कृष्णा ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी एकराम अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से भी महिलाओं से छेड़छाड़ और प्रताड़ना के दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



