Bihar INFACTNews

Bihar: मुजफ्फरपुर में देवर की लव मैरिज का खौफनाक अंजाम: भाभी को समझकर महिला की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के गौड़ा गांव में देवर की लव मैरिज का विवाद एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया। गुरुवार देर रात घर में घुसकर 35 वर्षीय मीना देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने प्रतिशोध में सुधीर पासवान की मां की हत्या करने आया था, लेकिन खाट बदल जाने के कारण उसने मीना देवी को ही निशाना बना दिया।पुलिस ने इस मामले में आरोपी रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मृतका मीना देवी के देवर सुधीर पासवान का आरोपी रंजीत पासवान की बेटी के साथ प्रेम संबंध था। रंजीत इस रिश्ते के खिलाफ था। विरोध के बावजूद सुधीर अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया और दोनों ने लव मैरिज कर ली।इस घटना से नाराज रंजीत पासवान लगातार बदले की आग में जल रहा था। उसने पहले भी सुधीर को जान से मारने की धमकी दी थी। शादी के बाद सुधीर गांव छोड़कर कहीं और रहने लगा था।

मां को समझकर भाभी पर बरसाई गोलियां

गुरुवार रात करीब 12 बजे आरोपी हथियार लेकर सुधीर के घर पहुंचा। उसका निशाना सुधीर के माता-पिता थे। लेकिन जिस खाट पर सुधीर की मां रोज सोती थी, उस रात वहां मीना देवी सो रही थीं।अंधेरे में आरोपी ने मीना देवी को ही सुधीर की मां समझ लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि मीना देवी को चार गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आरोपी के परिवार की सुरक्षा भी पुलिस निगरानी में रखी गई है।

गांव में गुस्सा और मातम

इस वारदात के बाद पूरे गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button