
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर ईसानगर थाना क्षेत्र के सिसैया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी डग्गामार मैजिक गाड़ी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
सिसैया के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, मैजिक गाड़ी में करीब 12 लोग सवार थे और वाहन लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।हादसा होते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। ईसानगर थाना पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।
मौके पर 5 की मौत, 4 ने रास्ते में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य गंभीर घायलों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।कई घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों में 3 की हुई पहचान
अब तक तीन मृतकों की पहचान हो सकी है जिसमे जयदीप सिंह पुत्र पेशकार सिंह निवासी मनगोरिया, थाना मोतीपुर, जिला बहराइच,अदनान पुत्र वकील निवासी सिसैया, थाना धौरहरा, खीरी और पवन पुत्र संतोष निवासी मझरा, थाना मूर्तिहा, जिला बहराइच। बताया जा रहा है कि मैजिक में सवार अधिकांश यात्री बहराइच जिले के रहने वाले थे।
राहत और बचाव कार्य जारी
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया और यातायात बहाल कराया। मौके पर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने भी मदद की।
सीएम योगी ने जताया दुख
योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह हादसा “अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक” है और उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।



