NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: हमीरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बागेश्वर धाम से लौट रहे 4 लोगों की मौत

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास हुआ। सभी लोग बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।

डंपर से भिड़ी कार

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे वैगन आर कार ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दंपति समेत चार की मौत

हादसे में 55 वर्षीय नरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी 52 वर्षीय रेखा, 57 वर्षीय राजकपूर निवासी नवाबगंज कानपुर और कार चालक आयुष चौहान निवासी लखनऊ की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं राजकपूर की पत्नी 54 वर्षीय मीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी मौदहा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी एके वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button