Bengal: “मैं इस्तीफा नहीं दूंगी, बीजेपी ने 100 सीटें लूटीं”, हार के बाद ममता बनर्जी के तल्ख तेवर

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मिली करारी शिकस्त के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज एक विस्फोटक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे फिलहाल हार स्वीकार कर राजभवन जाकर इस्तीफा देने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने भवानीपुर सीट पर अपनी हार को एक सोची-समझी साजिश करार दिया।
“कोई जबरदस्ती इस्तीफा नहीं ले सकता”
ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में ही कड़े तेवर दिखाते हुए कहा “मैं राजभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी। कोई मुझसे जबरदस्ती इस्तीफा नहीं ले सकता।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी घरेलू सीट भवानीपुर में उन्हें जानबूझकर हराया गया है। ममता ने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर 100 सीटों की लूट की है और साजिश के तहत जनादेश को बदला है।
“अब मैं एक आजाद पंछी हूं”
कुर्सी गंवाने के बाद ममता बनर्जी ने अपनी नई भूमिका को लेकर भी संकेत दिए।”अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, मैं एक आम आदमी हूं। आप यह नहीं कह सकते कि मैं सत्ता का इस्तेमाल कर रही हूं। मैं अब एक आजाद पंछी हूं।” उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल जैसे नेताओं ने उन्हें फोन कर समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि वे ‘इंडी गठबंधन’ को और मजबूत करेंगी।
चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप: “मुख्य चुनाव आयुक्त बने खलनायक”
ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनावी मशीनरी पर सीधा निशाना साधा।”वोटिंग के बाद ईवीएम में 80-90% चार्ज कैसे हो सकता है? यह भाजपा और चुनाव आयोग के बीच एक ‘बेटिंग’ (साठगांठ) है।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले भाजपा के इशारे पर आपीएस और आईएएस अधिकारियों को बदल दिया गया और टीएमसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। ममता के अनुसार, 90 लाख नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए थे, जिनमें से कोर्ट के दखल के बाद केवल 32 लाख जुड़ पाए।
काउंटिंग सेंटर में मारपीट का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने यह भी दोहराया कि मतगणना केंद्र के अंदर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए काला दिन बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में इतना ‘घटिया और गंदा’ चुनाव कभी नहीं देखा।
विपक्षी नेताओं का जमावड़ा
ममता बनर्जी ने जानकारी दी कि विपक्ष के नेता कल से कोलकाता आना शुरू करेंगे।अखिलेश यादव कल कोलकाता पहुंचेंगे। गठबंधन के सभी साथी आने वाले दिनों में भविष्य की रणनीति तय करने के लिए बैठक करेंगे।



