Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: डॉ. कमलेश कुमार कमलेन्दु कोल्हान विवि के सीनेट सदस्य मनोनीत, ग्रेजुएट कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वीणा प्रियदर्शनी ने किया सम्मानित

जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित महिला महाविद्यालय ‘द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर विमेंस’ के इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. कमलेश कुमार कमलेन्दु को झारखंड के माननीय राज्यपाल-सह-कुलाधिपति द्वारा कोल्हान विश्वविद्यालय (चाईबासा) का सीनेट सदस्य (नामित शिक्षाविद) मनोनीत किया गया है। इस उपलब्धि पर सोमवार को कॉलेज परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया।

राजभवन से जारी हुई आधिकारिक अधिसूचना

डॉ. कमलेन्दु के मनोनयन को लेकर राजभवन (रांची) द्वारा वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्यपाल सचिवालय द्वारा पत्रांक KU-07/2023-7223/रा०स० (दिनांक 18 सितंबर 2026) के तहत आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। यह मनोनयन ‘झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026’ की धारा-41(5)(ठ) में निहित प्रावधानों के तहत एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद के रूप में किया गया है।

प्राचार्या डॉ. वीणा प्रियदर्शनी ने अंगवस्त्र व बुके देकर किया सम्मानित

मनोनयन की आधिकारिक पुष्टि के बाद ग्रेजुएट कॉलेज में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वीणा प्रियदर्शनी ने डॉ. कमलेन्दु को पुष्पगुच्छ (बुके) एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “डॉ. कमलेन्दु का सीनेट सदस्य बनना पूरे कॉलेज परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उनके लंबे शैक्षणिक अनुभव और बौद्धिक क्षमता से कोल्हान विश्वविद्यालय के नीतिगत, प्रशासनिक और शैक्षणिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी।”

“छात्र-हित और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता प्राथमिकता” — डॉ. कमलेन्दु

सम्मान समारोह के दौरान कॉलेज के विभिन्न स्नातकोत्तर व स्नातक विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।सभी की शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए डॉ. कमलेश कुमार कमलेन्दु ने कुलाधिपति (राज्यपाल), विश्वविद्यालय प्रशासन, प्राचार्या डॉ. वीणा प्रियदर्शनी और सहकर्मियों का धन्यवाद किया। उन्होंने प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि वे सीनेट में विद्यार्थियों के हितों को प्रमुखता से उठाएंगे और विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के स्तर व शोध को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button