Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: विधायक सरयू राय ने जुडको को लगाई फटकार, आवंटन में देरी पर कैग जांच की चेतावनी

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को मोहरदा में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना की परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवासों के आवंटन में हो रही अत्यधिक देरी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर गहरा रोष प्रकट किया।

लाभार्थियों के आंसू देख लिया एक्शन का फैसला

निरीक्षण की मुख्य वजह सोमवार को विधायक कार्यालय पहुंचे दर्जनों गरीब परिवार बने।कई वर्षों से किश्तें जमा करने और प्रतीक्षा करने के बावजूद लोगों को घर की चाबियां नहीं मिली हैं।लाभार्थियों ने विधायक को बताया कि तैयार मकानों के बावजूद वे महंगे किराए या तिरपाल की झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। विभाग के चक्कर काट-काट कर उनकी उम्मीदें अब टूट रही हैं।

तैयार घरों में लटके ताले, जुडको पर बरसे राय

मौके पर पहुँचे सरयू राय ने जब स्थिति का जायजा लिया, तो वे अव्यवस्था देख दंग रह गए।कई मकान पूरी तरह तैयार होने के बावजूद आवंटित नहीं किए गए हैं। वहीं, कुछ ब्लॉकों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं अब तक अधूरी हैं। विधायक ने मौके पर मौजूद जुडको के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सवाल किया कि जब गरीबों का पैसा लगा है, तो उन्हें घर देने में फाइलें क्यों घुमाई जा रही हैं?

“कैग जांच के लिए लिखूंगा पत्र”

विधायक सरयू राय ने इसे केवल प्रशासनिक सुस्ती नहीं, बल्कि एक गंभीर अनियमितता करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी यदि आवंटन प्रक्रिया तत्काल शुरू नहीं की गई, तो वे पूरे मामले की कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) से ऑडिट कराने की मांग करेंगे।उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में इस तरह की देरी भ्रष्टाचार या घोर लापरवाही का संकेत है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।

जल्द मिलेगा हक: सरयू राय का आश्वासन

निरीक्षण के अंत में सरयू राय ने उपस्थित लाभार्थियों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिया कि वे उनके हक की लड़ाई अंतिम छोर तक लड़ेंगे। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि लंबित प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा कर पात्र लोगों को गृह प्रवेश कराया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button